जहानाबाद, जुलाई 15 -- िन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार ने राज्य के 211 ऐसे प्रखंडों, जहाँ आज तक एक भी डिग्री महाविद्यालय नहीं था, वहाँ नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत की हैडॉ. सुमन ने आज जहानाबाद जिले के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मखदुमपुर में आयोजित महाविद्यालय शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि यह केवल नए भवनों का निर्माण नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने तथा शिक्षा के अधिकार को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे सशक्त आधारशिला होती है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार इस दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रही है।

डॉ. सुमन ने कहा कि वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ के शहरों का रुख करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब 211 प्रखंडों में महाविद्यालयों की शुरुआत होने से लाखों विद्यार्थियों को अपने घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री श्री चौधरी के नेतृत्व में राजग सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क और आधारभूत संरचना सहित सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य कर रही है। शिक्षा में किया गया निवेश किसी भी राज्य के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी होता है और यही विकसित बिहार की मजबूत नींव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित