पटना , मई 20 -- अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान ( एम्स), पटना 21 मई 2026 को आयुष भवन में अत्याधुनिक एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) सेंटर का शुभारंभ करने जा रहा है। यह नया केंद्र एचआईवी/एड्स से प्रभावित लोगों को सम्मानजनक, सुलभ और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। यहां मरीजों को परामर्श, जांच सहायता, निःशुल्क एंटीरेट्रोवायरल उपचार, नियमित फॉलो अप, मानसिक सहयोग तथा दीर्घकालिक देखभाल जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत भारत दुनिया के सबसे बड़े एचआईवी उपचार कार्यक्रमों में से एक संचालित करता है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आंकड़ों के अनुसार देश में लगभग 24 लाख से अधिक लोग एचआईवी के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं। समय परएआरटी उपचार लेने से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकता है साथ ही संक्रमण के प्रसार के जोखिम में भी उल्लेखनीय कमी आती है।

विशेषज्ञों के अनुसार एचआईवी के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और निरंतर उपचार ही संक्रमण नियंत्रण की सबसे प्रभावी रणनीति है। बिहार में बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए एम्स पटना का यह नया एआरटी सेंटर मरीजों को राज्य के भीतर ही उन्नत और निरंतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे मरीजों को लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता भी कम होगी तथा उपचार की निरंतरता सुनिश्चित हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित