इटावा , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) का सूपड़ा साफ हो जाएगा जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2017 से भी बड़ा बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी।
उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी और विपक्ष की सोशल मीडिया राजनीति पर भी निशाना साधा।
सोमवार को लखनऊ से चार्टर विमान से सैफई हवाई पट्टी पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अखिलेश यादव के पोस्टर और बयान सपा-कांग्रेस की राजनीतिक नौटंकी हैं। इससे भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से कुछ नहीं होता। जनता सपा की कथित गुंडागर्दी और अराजकता की वापसी नहीं चाहती। भाजपा सरकार की उपलब्धियों और संगठन की ताकत के आधार पर पार्टी वर्ष 2027 में फिर सरकार बनाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके परिवार को लेकर की गई टिप्पणी पर मौर्य ने कहा कि कांग्रेस अपना मानसिक संतुलन खो चुकी है। राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री के खिलाफ बयानबाजी करते हैं और अब खड़गे की भाषा में भी संयम नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। कांग्रेस को भाजपा का मुकाबला करना है तो लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाना चाहिए।
विपक्ष की सोशल मीडिया गतिविधियों पर तंज कसते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) या सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से जमीन पर राजनीतिक प्रभाव नहीं पड़ता। जनता सब देख रही है। विपक्षी नेता जनता के बीच जाने के बजाय अपराधियों और माफिया से मुलाकात करने में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि बूथ कब्जाने का दौर खत्म हो चुका है। अब जनता अपने मताधिकार से सरकार चुनती है और भाजपा को जनता का समर्थन मिल रहा है।
मैनपुरी में आयोजित तथागत बुद्ध से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मौर्य पत्रकारों से वार्ता के बाद हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए। इस दौरान भाजपा विधायक सरिता भदौरिया, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया और जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता समेत पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हवाई पट्टी पर उप मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। भाजपा के करहल से पूर्व प्रत्याशी अनुजेश प्रताप सिंह यादव ने भी उनसे मुलाकात कर पत्र सौंपा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित