लखनऊ , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मंगलवार को दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस चाहे जितने राजनीतिक समीकरण बना लें, उनके मंसूबे पूरे नहीं होंगे और राज्य में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

श्री मौर्य ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि विपक्षी दल जितनी भी सियासी खिचड़ी पकाने की कोशिश कर लें, प्रदेश की जनता उनके बेमेल और अवसरवादी गठबंधनों को पहले ही देख चुकी है। अखिलेश यादव, मायावती और राहुल गांधी अपना पूरा जोर लगा लें, लेकिन वे भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने से नहीं रोक पाएंगे। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को एक बार फिर प्रचंड बहुमत मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में डबल इंजन की सरकारें विकास की नई इबारत लिख रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जहां एक बार सरकार बनाती है, वहां सुशासन और विकास के आधार पर जनता का विश्वास हासिल करती है और बार-बार जनादेश प्राप्त करती है।

श्री मौर्य ने कहा कि जिन राज्यों में फिलहाल भाजपा की सरकार नहीं है, वहां भी जनता बदलाव के लिए तैयार है और आने वाले समय में कमल खिलाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्षी दल भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तमाम राजनीतिक समीकरण बनाने का प्रयास करेंगे, लेकिन जनता उनके प्रयासों को नकार देगी।

उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के सभी सियासी मंसूबे एक बार फिर धरे रह जाएंगे और उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित