कानपुर , अगस्त 4 -- भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सबसे बड़ी ताकत देश का युवा है और वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यही युवा राष्ट्रविरोधी सोच तथा विपक्ष की भ्रम की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा।

भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित युवा मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को सम्मान, अवसर और नेतृत्व मिला है। उन्होंने कहा कि इसी कारण आज देश और प्रदेश का युवा भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश का युवा अब उनके भ्रम में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करने वाला युवा ही विकसित भारत के निर्माण का आधार बनेगा।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि भाजपा युवाओं को केवल राजनीतिक भागीदारी ही नहीं, बल्कि नेतृत्व के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, स्वरोजगार, डिजिटल इंडिया, खेल, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए अभूतपूर्व संभावनाएं सृजित हुई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रत्येक युवा तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" का उद्घोष प्रत्येक राष्ट्रभक्त युवा के लिए गर्व का विषय है। भाजपा का युवा राष्ट्रहित के प्रत्येक अभियान में अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहेगा और समाज को बांटने वाली राजनीति का मजबूती से मुकाबला करेगा।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी अभियानों, बूथ सशक्तिकरण, 'हर घर तिरंगा' अभियान तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इससे पूर्व कानपुर आगमन पर डॉ. रोहित मिश्रा का भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया। जाजमऊ से शुरू हुआ स्वागत कार्यक्रम हरजेंद्र नगर, लाल बंगला, पीएसी मोड़, श्याम नगर, यशोदा नगर, नौबस्ता, वृंदावन तिराहा, घंटाघर, फूलबाग, मेघदूत चौराहा, बड़ा चौराहा, चुन्नीगंज, बजरिया, मोतीझील गेट, जे.के. टेम्पल, फजलगंज और गोविंद नगर होते हुए भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचा। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

फूलबाग चौराहे पर डॉ. मिश्रा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने तथा संचालन अमित कश्यप ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित