प्रयागराज , नवंबर 2 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव में गंगापार की पांचों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
प्रयागराज के सोरांव स्थित मेवालाल ग्राउंड में रविवार रात तीन दिवसीय सोरांव महोत्सव का शुभारंभ करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल चुनाव आयोग के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्हें जनता की जरा भी फिक्र नहीं है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई होती है तो वे आरोप लगाने लगते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले ही कहा था कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा, फिर अब विरोध क्यों किया जा रहा है। श्री मौर्य ने कहा कि प्रयागराज की धरती पर आयोजित यह ऐतिहासिक महोत्सव गौरव की बात है। इसमें देशभर से कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इससे लोक संस्कृति, कला और संगीत को प्रोत्साहन मिलेगा।
महोत्सव के मंच पर पहुंचने के बाद उप मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों का परिचय कराया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री को अपराह्न तीन बजे पहुंचना था, लेकिन वह करीब चार घंटे की देरी से शाम सात बजे पहुंचे। इस पर उन्होंने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वे काफी देर से उनका इंतजार कर रहे हैं और रात भी हो रही है। अब कार्यक्रम में और देरी नहीं होगी।
महोत्सव के आयोजक एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. सुरेंद्र चौधरी के अनुसार, तीन दिवसीय आयोजन में सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी, अभिनेता रवि किशन, भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', लोकगायिका तृप्ति शाक्या और कलाकार ईशान मिश्रा समेत कई चर्चित हस्तियां शामिल होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित