हरदोई , अप्रैल 14 -- हरदोई जिले में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर गांधी मैदान में आयोजित एकीकृत पासी समाज महासम्मेलन में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का दावा किया। पत्रकारों से बातचीत में श्री पासवान ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार को लेकर किए जा रहे दावे "मुंगेरीलाल के हसीन सपने" हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकारों ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है और इसी भरोसे पर 2027 में भाजपा पुनः सरकार बनाएगी।

चंद्रशेखर आजाद की रैलियों में उमड़ रही भीड़ को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वह केवल अपनी पार्टी के विषय में बात करना उचित समझते हैं। जातिगत सम्मेलन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह किसी एक जाति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज को जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रेरणास्रोत हैं।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री पासवान ने समाज को संगठित होने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 'विकसित भारत 2047' के संकल्प और बाबा साहब के 'शिक्षित बनो, संगठित हो, संघर्ष करो' के संदेश को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि समाज की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी ताकत दिखानी होगी। सम्मेलन का आयोजन भाजपा सांसद अशोक रावत ने किया, जबकि अध्यक्षता भाजपा सांसद जयप्रकाश रावत ने की। कार्यक्रम को विधायक प्रभाष कुमार, विधायक श्याम प्रकाश तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती वर्मा समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित