चंडीगढ़ , मई 26 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नौ से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी।

राजा वड़िंग ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री या तो भ्रम की दुनिया में रह रहे हैं या फिर जानबूझकर पंजाब के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में कांग्रेस 2017 से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी, क्योंकि पंजाब की जनता को अब एहसास हो चुका है कि 2022 में उन्होंने बड़ी गलती की थी। राजा वड़िंग ने कहा, " मैं हलफनामे पर लिखकर दे सकता हूं कि इस बार आम आदमी पार्टी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। पंजाब के लोग आप की दिखावेबाजी और नाटकों से तंग आ चुके हैं। "उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि 2024 लोकसभा चुनावों से पहले भी आप ने पंजाब की सभी 13 सीटें जीतने का दावा किया था, लेकिन पार्टी केवल तीन सीटों तक सिमट गयी। उन्होंने कहा कि 2022 में 92 विधानसभा सीटें जीतने वाली पार्टी 2024 लोकसभा चुनावों में घटकर सिर्फ 32 विधानसभा क्षेत्रों तक सीमित रह गयी।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में गैंगस्टर कल्चर और नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों में सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार ने सारी सीमाएं पार कर दी हैं और आम लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

राजा वड़िंग ने कहा कि लोग अब मौजूदा सरकार की तुलना पिछली कांग्रेस सरकारों से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हालात इतने बेकाबू नहीं थे, जितने अब दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नशा तस्करी और अपराध के मामलों में आप सरकार ने अकाली दल के दौर को भी पीछे छोड़ दिया है।

उन्होंने दावा किया कि 2027 में पंजाब में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2017 से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी, जबकि आप अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए संघर्ष करती नजर आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित