चंडीगढ़ , मई 29 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने नगर निगम चुनावों के दौरान कांग्रेस उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं द्वारा 'सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के दबाव और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग' के बावजूद मजबूती से चुनाव लड़ने पर उनकी सराहना की है।

राजा वड़िंग ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पंजाब भर में हुए नगर निगम चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी ने 'साम, दाम, दंड, भेद' की नीति अपनाई और सत्ता का खुलकर दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी और पुलिस का इस्तेमाल विपक्षी दलों को डराने-धमकाने और चुनाव प्रभावित करने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों के नतीजे पंजाब की वास्तविक जनभावना को नहीं दर्शाते, क्योंकि राज्य की जनता पूरी तरह से आप सरकार के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि असली राजनीतिक मुकाबला 2027 के विधानसभा चुनावों में होगा और उस समय आम आदमी पार्टी का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तमाम सरकारी दबाव और संसाधनों के इस्तेमाल के बावजूद आप कुल वार्डों में आधे का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।

उन्होंने कहा, " मैं फिर कह रहा हूं कि 2027 में आप 10 सीटें भी नहीं जीत सकेगी। "राजा वडिंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी फिलहाल नगर निगम चुनावों की 'चोरी की जीत' का जश्न मना रही है, लेकिन यह जश्न ज्यादा समय तक नहीं चलेगा और इसकी मियाद फरवरी 2027 तक ही सीमित रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित