वाराणसी , जून 25 -- उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को अपनी नई टीम की घोषणा कर दी। पार्टी ने काशी क्षेत्र अध्यक्ष की जिम्मेदारी अशोक चौरसिया को सौंपी है।
श्री चौरसिया ओबीसी समाज से आते हैं और पिछले दो दशकों से अधिक समय से पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से स्नातक तथा मेरठ विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में स्नातकोत्तर (एमए) की शिक्षा प्राप्त की है।
भाजपा पूर्वांचल के साथ-साथ काशी क्षेत्र में भी नए चुनावी समीकरण साधने की रणनीति के तहत श्री चौरसिया को यह जिम्मेदारी सौंपकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देना चाहती है। काशी के शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में चौरसिया समाज के करीब 50 हजार, कैंट विधानसभा में लगभग 30 हजार तथा उत्तरी विधानसभा में करीब 25 हजार मतदाता बताए जाते हैं।
श्री चौरसिया वर्तमान में काशी क्षेत्र महामंत्री का दायित्व लगातार तीन कार्यकाल से निभा रहे थे। वर्ष 2014 से 2016 तक उन्होंने नमामि गंगे अभियान के काशी क्षेत्र संयोजक के रूप में भी कार्य किया। 14 वर्ष की आयु से ही वह बूथ, वार्ड और मंडल स्तर पर भाजपा की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते रहे हैं।
संघ एवं उसके आनुषंगिक संगठनों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में बाल स्वयंसेवक के रूप में कार्य करने के साथ ही वह सेवा भारती काशी प्रांत के उपाध्यक्ष तथा विश्व हिंदू परिषद की पत्रिका 'वंदे मातरम्' के पूर्व उप-संपादक भी रह चुके हैं। उन्हें वर्ष 2012 में 'काशी रत्न' और वर्ष 2015 में 'शान-ए-काशी' सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। रामसेतु आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका रही है, जबकि वर्ष 1992 के राम मंदिर आंदोलन में भी वह सक्रिय रहे। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका उल्लेखनीय योगदान माना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित