लखनऊ , मार्च 30 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 का विधानसभा चुनाव देश और संविधान को बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने उत्तर प्रदेश को लूट का केंद्र बना दिया है और पूरी व्यवस्था भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।

लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय, विक्रमादित्य मार्ग पर सोमवार को विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है और बजट का पैसा विकास कार्यों के बजाय भाजपा नेताओं की जेबों में जा रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर अभी से बूथ स्तर पर मजबूती से काम करें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को यह चुनाव 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बड़े अंतर से जीतना है और इसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित