नयी दिल्ली , सितंबर 20 -- दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने रविवार को कहा कि पार्टी का लगातार यही रुख रहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता, चाहे अरविंद केजरीवाल हों या सौरभ भारद्वाज, केवल खबरों में बने रहने के लिए रोजाना नये-नये मुद्दे ढूंढ़ते और उठाते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि श्री भारद्वाज अब एसआईआर पर बोलने लगे हैं, लेकिन केजरीवाल परिवार को मिले नोटिस के संबंध में वे लोगों को गुमराह नहीं कर सकते।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर प्रणाली के तहत पहले चरण में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम दिल्ली की मतदाता सूची में रह सकते हैं, जिनकी मैपिंग 2002 की दिल्ली मतदाता सूची के साथ हो सकती है।

उन्होंने कहा कि यह बात पूरी दुनिया जानती है कि 2013 से पहले श्री केजरीवाल का परिवार गाजियाबाद जिले में मतदाता था, इसलिए दिल्ली में उनकी मैपिंग संभव नहीं है।

श्री मल्होत्रा ने कहा कि श्री भारद्वाज ने श्री केजरीवाल के वोट को लेकर एक संवाददाता सम्मेलन किया है, लेकिन उनके लिए यह समझना बेहतर होगा कि चाहे आप के शीर्ष नेता हों या कोई आम नागरिक, दिल्ली एसआईआर के तहत मैपिंग तभी संभव होगी, जब वह व्यक्ति 2002 में दिल्ली का मतदाता रहा हो।

श्री मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में नये मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया अब खुली है। चाहे श्री केजरीवाल का परिवार हो या कोई आम नागरिक, हर कोई अपना वोट पंजीकृत करा सकता है, बशर्ते वह सबसे पहले उस स्थान से अपना नाम कटवाये, जहां वह पहले से मतदाता के रूप में पंजीकृत है।

भाजपा नेता ने जोर देकर कहा कि देश में प्रत्येक व्यक्ति का वोट केवल एक ही स्थान पर पंजीकृत हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित