पटना, मार्च 19 -- बिहार में पटना जिले के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने 20 हजार से अधिक प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पटना सदर 02 रंजन कुमार ने गुरूवार को बताया कि पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में आज रामकृष्णानगर थानांतर्गत अवैध रूप से प्रतिबंधित इंजेक्शन की खरीद-बिक्री किए जाने संबंधी सूचना प्राप्त हुई।इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
श्री कुमार ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थल पर छापेमारी की। छापेमारी के क्रम में नौ कार्टून में रखा 20 हजार से अधिक प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किया गया। इस मामले में में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।बरामद प्रतिबंधित इंजेक्शन के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला एवं इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिये जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित