जम्मू , अगस्त 12 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने मशहूर कश्मीरी पंडित कवि सर्वानंद कौल 'प्रेमी' और उनके पुत्र वीरेंद्र कौल की 1990 में हुई हत्या के मामले में जम्मू और कश्मीर घाटी में बुधवार को बड़े पैमाने पर छापेमारी की कार्रवाई की।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एसआईए की एक टीम ने सुबह जम्मू के शाहबाज कॉलोनी इलाके में स्थित एक ठिकाने पर तलाशी ली। यह छापेमारी 65 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी और कवि सर्वानंद कौल प्रेमी और उनके 27 वर्षीय बेटे वीरेंद्र कौल के अपहरण और हत्या के मामले में सबूत जुटाने के लिए की गई।

उल्लेखनीय है कि मई 1990 में राज्य के अनंतनाग जिले में स्थित उनके पैतृक गांव (सोमबुरा/दोहरू) से आतंकवादियों ने दोनों का अपहरण कर लिया था और बाद में उनकी बर्बरतापूर्वक हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद पीड़ित परिवार को कश्मीर घाटी से पलायन करना पड़ा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित