अमृतसर , सितंबर 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं गुजरात भाजपा प्रभारी राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने अमृतसर स्थित अपने आवास के बाहर आम आदमी पार्टी (आप ) के प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल और आप से 1984 के सिख विरोधी नरसंहार को लेकर कई सवाल पूछे।

श्री चुघ ने कहा कि जिस श्री केजरीवाल ने कांग्रेस के उन नेताओं के साथ राजनीतिक मंच साझा किया, जिन पर 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े गंभीर आरोप रहे हैं, उन्हें आज भाजपा को उपदेश देने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल बतायें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव क्यों लड़ा और जिस पार्टी पर 1984 के पीड़ितों को दशकों तक न्याय से वंचित रखने के आरोप लगते रहे, उसके साथ राजनीतिक गठबंधन क्यों किया।

भाजपा नेता ने कहा कि श्री केजरीवाल ने 2013 में कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में सरकार बनायी थी। ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए 1984 के मामलों में निर्णायक कार्रवाई और विशेष जांच के लिए क्या कदम उठाये गये। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक प्रदर्शन करके पुराने घावों पर राजनीति करना उन पीड़ित परिवारों के साथ न्याय नहीं है, जो दशकों से न्याय की प्रतीक्षा करते रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि 1984 के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए भाजपा लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान लंबे समय तक लंबित रहे कई मामलों में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में विशेष जांच दल (एसआईटी) और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के माध्यम से कार्रवाई आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा 1984 के पीड़ितों के मुद्दे को वोट की राजनीति के बजाय न्याय के प्रश्न के रूप में देखती है और हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। श्री चुघ ने आप पर राजनीतिक दोहरेपन का आरोप लगाते हुए कहा कि श्री केजरीवाल को स्पष्ट करना चाहिए कि वह 1984 के पीड़ितों के साथ खड़े हैं या कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक संबंधों को बचाने के लिए उनकी पीड़ा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कानून और न्याय की सर्वोच्चता में विश्वास करती है और 1984 से जुड़े मामलों में कार्रवाई अदालतों तथा कानून के अनुसार होनी चाहिए।

श्री चुघ ने आप से प्रदर्शन और आरोप लगाने से पहले श्री केजरीवाल के कांग्रेस के साथ रहे राजनीतिक संबंधों और अपने शासनकाल के दौरान उठाये गये कदमों पर जनता को जवाब देने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित