चंडीगढ़ , नवंबर 01 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर करारा हमला बोला और कहा कि देश हजारों सिखों की हत्या के इस काले अध्याय को कभी नहीं भूल सकता।

उन्होंने चंडीगढ़ में करीब 250 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने दंगा पीड़ितों को उचित न्याय और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई तथा दोषियों को सजा दिलवाने का काम किया।

गृह मंत्री ने एक नवंबर के दिन को चंडीगढ़, हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस तीनों के लिए ऐतिहासिक बताया, क्योंकि इसी दिन 1966 में चंडीगढ़ और हरियाणा का गठन हुआ था तथा चंडीगढ़ पुलिस की स्थापना की गई थी।

उन्होंने चंडीगढ़ को उत्तर भारत की आत्मा और देश का सबसे बेहतरीन नियोजित शहर करार दिया।

श्री शाह ने रायपुर कलां में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराज्यीय बस डिपो और पुलिसकर्मियों के लिए 68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 191 टाइप-3 पुलिस आवासों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों को आधुनिक सुविधाएं और आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि चंडीगढ़ पुलिस देश में पुलिस आवास संतुष्टि के मामले में शीर्ष स्थान पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस बेड़े के लिए करीब 150 आधुनिक वाहन भी सौंपे गए।

पंजाब की भावी राजनीति पर बोलते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंजाब में राजग की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

समारोह में चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, मेयर सौरभ जोशी, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित