लखनऊ , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने बिजली शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 1912 हेल्पलाइन को ओटीपी व्यवस्था से जोड़ने की मांग की है। परिषद के अनुसार, एक अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच प्रदेश की पांचों बिजली वितरण कंपनियों में 1912 के माध्यम से कुल 99 लाख 83 हजार 97 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम में 22 लाख 58 हजार 871, दक्षिणांचल में 19 लाख एक हजार 765, मध्यांचल में 33 लाख 77 हजार 162, पूर्वांचल में 17 लाख 15 हजार 359 और केस्को में सात लाख 29 हजार 940 शिकायतें दर्ज हुईं।
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि छह माह में करीब एक करोड़ शिकायतें दर्ज होना दर्शाता है कि प्रदेश के बिजली उपभोक्ता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए 1912 हेल्पलाइन पर बड़े पैमाने पर निर्भर हैं। ऐसे में शिकायतों का वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना बिजली कंपनियों और पावर कॉरपोरेशन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता परिषद की मांग पर पूर्व में विद्युत नियामक आयोग ने बिजली कंपनियों को शिकायत निस्तारण की कुछ सेवाओं में ओटीपी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसे प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया। इसी कारण आयोग को दोबारा 1912 को प्रभावी बनाने और शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश देने पड़े।
श्री वर्मा ने मांग की कि 1912 पर दर्ज शिकायत के निस्तारण के बाद उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजने की व्यवस्था तत्काल लागू की जाए। उपभोक्ता द्वारा ओटीपी के माध्यम से समस्या के समाधान की पुष्टि किए जाने के बाद ही शिकायत को बंद किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से शिकायतों को केवल कागजों में निस्तारित दिखाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा और उपभोक्ताओं का 1912 की शिकायत प्रणाली पर भरोसा मजबूत होगा। बिजली कंपनियों और पावर कॉरपोरेशन को इस दिशा में तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित