पटना , जून 17 -- शहरवासियों को 19-21 जून तक पटना में एक ही छत के नीचे कई किस्म के आम देखने को मिलेंगे। कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय की ओर से बिहार कृषि प्रबंधन एवं प्रसार प्रशिक्षण संस्थान (बामेती), पटना में आम महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 'आम खाओ और इनाम पाओ' सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। साथ ही विजयी प्रतिभागियों को आकर्षक इनाम भी दिया जाएगा।
इस आम महोत्सव का मुख्य आकर्षण आम की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन, आम एवं आम से निर्मित खाद्य सामग्रियों के व्यापार को बढ़ाने पर चर्चा, आम आधारित रोचक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता, आम में नक्काशी प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, 'आम खाओ इनाम पाओ' प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, नवीनतम तकनीक से आम की उन्नत खेती पर चर्चा जैसे कार्यक्रम होंगे।
इस महोत्सव में बिहार में मौजूद आमों की विविधता को भी देखा जा सकता है। यहां लगने वाली प्रदर्शनी में बिहार में पाए जाने वाले मालदह, जर्दालु, गुलाबखास, जर्दा बंबई, लंगड़ा, दशहरी, कृष्णभोग, अल्फांजो, हुस्नेआरा, बेनजीर, फजली, सीपिया आदि आमों को देखा जा सकता है।
आगंतुकों के लिए महोत्सव में प्रवेश को आसान बनाने के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था की गई है। आगंतुक क्यूआर कोड स्कैन कर अपना नाम और नंबर डालकर स्वयं प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसमें पंजीकरण और प्रवेश पूरी तरह से नि:शुल्क है।
बिहार सरकार के इस अनूठे प्रयास से न केवल आम उत्पादकों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि राज्य के बागवानी क्षेत्र में नवाचार और प्रगति को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित