भभुआ , सितंबर 13 -- बिहार में कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में पुलिस ने 187.020 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि दुर्गावती थाना को सुबह करीब 04.55 बजे गुप्त सूचना मिली कि मरहिया मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 की उत्तरी लेन पर उड़हला गांव के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो और तीन मोटरसाइकिलों से कुछ लोगों द्वारा शराब ले जायी जा रही है।

सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम उड़हला गांव पहुंची तो एक स्कॉर्पियो और तीन मोटरसाइकिलों के साथ कुछ लोग संदिग्ध स्थिति में मिले। पुलिस ने उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान 187.020 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गयी। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो भी बरामद की।

पुलिस ने इस मामले में रामगढ़ थाना क्षेत्र के अकौढ़ी गांव निवासी योगेन्द्र साह के पुत्र कृष्ण कुमार गुप्ता, मोहनियां थाना क्षेत्र के उसड़ी गांव निवासी अलगू प्रसाद गुप्ता के पुत्र कृष्ण कुमार गुप्ता तथा भभुआ थाना क्षेत्र के शिवपुर निवासी मुन्ना सिंह के पुत्र चन्द्रमणि सिंह उर्फ लक्की सिंह को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में दुर्गावती थाना कांड संख्या 398/26, दिनांक 13 सितंबर 2026 को धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित