सिरसा , जून 2 -- हरियाणा के सिरसा पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में पिछले 18 वर्षों से फरार चल रहे भगोड़े आरोपी को पंजाब के मुक्तसर साहिब जिले के गिद्दड़बाहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात था और पैरोल पर आने के बाद फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखबिंद्र सिंह उर्फ सुखा निवासी गिद्दड़बाहा, जिला मुक्तसर साहिब (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी की तलाश में पुलिस लंबे समय से प्रयास कर रही थी। वह लगातार ठिकाने बदलकर और पहचान छिपाकर कानून से बचता रहा, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसे आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2002 में आरोपी सिरसा में सिपाही के पद पर कार्यरत था। उस पर आरोप है कि उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुलिस विभाग में एमटीओ के पद पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक सुबे सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित