मास्को , सितंबर 10 -- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 11 से 13 सितंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। रूसी विदेश मंत्रालय ने गुरूवार को यह जानकारी दी।

क्रेमलिन के अधिकारी यूरी उशाकोव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रूसी राष्ट्रपति गुरूवार शाम भारत के लिए रवाना होंगे।

रूसी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बताया कि रूसी राष्ट्रपति शुक्रवार को वार्षिक ब्रिक्स बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे। यह फोरम ब्रिक्स देशों के व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद का एक प्रमुख मंच है। उसी दिन राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता आयोजित होगी। इसके अलावा, दोनों नेता दोनों देशों के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालयों द्वारा आयोजित 'इनोप्रॉम' प्रदर्शनी का भी दौरा करेंगे।

ब्रिक्स के मुख्य शिखर सम्मेलन की शुरुआत 12 सितंबर को होगी। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के नेता भारतीय अध्यक्षता में प्रस्तावित पहलों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान राजनीति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, वित्त और सांस्कृतिक-मानवीय संबंधों में ब्रिक्स की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ-साथ वर्तमान अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित