पटना , सितंबर 16 -- प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों पर जनभागीदारी, पोषण, स्कूल पूर्व शिक्षा और महिला-बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन होगा। इस दौरान लाभार्थी स्वयं बताएंगे कि विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में किस तरह का बदलाव आया है।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को जिला परियोजना और आंगनबाड़ी केंद्र स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका अपने पोषक क्षेत्र के लाभुकों और जीविका दीदियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करेंगी। लाभार्थी विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभ और अपने अनुभव साझा करेंगे। इन अनुभवों को वीडियो और रील के रूप में तैयार कर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
अभियान के दौरान 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसमें पोषण माह की गतिविधियों को जोड़ते हुए अन्नप्राशन, गोद भराई समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों को मिठाई और फल खिलाकर उनके साथ सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। पोषण माह के आयोजन के लिए निदेशालय स्तर से क्षेत्रीय कार्यालयों को आवश्यक राशि आवंटित की गई है।
सेवा संकल्प अभियान में केवल कार्यक्रमों की तस्वीरें ही नहीं, बल्कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आए बदलाव को भी 'बिफोर एंड आफ्टर (पहले और अब)' फोटोग्राफ के जरिए दर्ज किया जाएगा। प्रत्येक परियोजना में कम-से-कम दो केंद्रों का चयन कर उनके पहले और वर्तमान स्वरूप की तस्वीरें उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, आईसीडीएस की योजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियों को भी सामने लाया जाएगा। इसके लिए परियोजनावार दो छोटे वीडियो तैयार किए जाएंगे।
अभियान के दौरान जमीनी स्तर पर सेवाएं दे रहे सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता और अभिभावकों के सम्मान की गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही बच्चों के बीच कॉमिक बुक का वितरण किया जाएगा। विभाग ने सभी जिला परियोजनाओं को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार गतिविधियों का समय पर आयोजन कराने और तिथिवार प्रतिवेदन, फोटो एवं वीडियो आईसीडीएस निदेशालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित