चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित 'सेवा संकल्प अभियान' 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान 'जन सेवा ही प्रभु सेवा' की भावना से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कैथल में मंगलवार को प्रेस वार्ता में बेदी ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शाम 7 बजे बूथ स्तर और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में 'आशीर्वाद का दीया' जलाया जाएगा। रक्तदान शिविरों के साथ स्कूलों में 'मेरे सपनों का भारत' के तहत भाषण व चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी।

'नमो सेवा- अनकही कहानियां' के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम होंगे, जबकि 'सेवा की कहानियां' के तहत सरकारी योजनाओं से आए बदलाव की सफलता की कहानियां तैयार की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित