अहमदाबाद , मई 01 -- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ तीन विकेट लेते हुए पर्पल कैप पर कब्जा कर लिया है। इस सीजन में उन्होंने पांचवीं बार तीन विकेट लेने का कारनामा किया है।

भुवनेश्वर कुमार ने गुरुवार रात गुजरात टाइटंस के खिलाफ 28 रन देकर तीन विकेट लेने के साथ ही इस सीज़न उनके कुल 17 विकेट हो गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के ईशान मलिंगा 15 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

कगिसो रबाडा के हाथ गुरुवार को एक ही विकेट लगा और तीसरे स्थान पर 14 विकेट के साथ वह राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के जोफ्रा आर्चर और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के अंशुल कम्बोज के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

वहीं ऑरेंज कैप को लेकर इस मैच में अधिक बदलाव नहीं हुआ, इसलिए क्योंकि विराट कोहली ने 28, शुभमन गिल ने 43 रन बनाए लेकिन यह काफ़ी नहीं था। बी साई सुदर्शन भी मात्र छह ही रन बना पाए।

इसके परिणामस्वरूप बुधवार रात तक पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे अभिषेक शर्मा, हाइनरिक क्लासन और वैभव सूर्यवंशी अपने-अपने स्थान पर बने हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित