बारां , मार्च 20 -- राजस्थान में बारां जिले में 164 थैलेसिमिया पीड़ित बच्चों के चलते वर्तमान में रक्तदान शिविर नहीं लगने से रक्तकोष में सभी रक्त ग्रुप की कमी हो गयी है।

रक्त की कमी होने से ऐसे पीड़ितों के अलावा आपात मरीजों को रक्त उपलब्ध करवाना मुश्किल हो रहा है। इस मुश्किल घड़ी में स्वयंसेवी संस्थाओं, आमजन एवं रक्तदाताओं से अनुरोध किया जा रहा है।

जिला प्रभारी रक्त केंद्र डॉ. बिहारीलाल मीणा ने बताया कि इस वक्त रक्तदान शिविर नहीं लगने सेे रक्त की कमी हो गयी है। एक ही सरकारी रक्त कोष होने की वजह से मरीजों को रक्त उपलब्ध कराना पड़ता है। पूरे जिले से इमरजेंसी मरीज भी जिला अस्पताल में ही आते हैं, इसी वजह से हर वक्त रक्त की कमी बनी रहती है।

रक्त कोष के सूत्रों ने बताया कि बारां में 164 थैलेसिमिया पीड़ित बच्चे हैं, उनको रोजाना करीब 10 यूनिट रक्त के साथ ही दुर्घटना, इमरजेंसी केस एवं असहाय को भी आठ से दस यूनिट रोजाना रक्त की आवश्यकता रहती है। रक्त की कमी को ध्यान में रखते हुए यहीं शिविर करवायें और बाहर के दलों वरीयता न दे। मुश्किल घड़ी में थेलेसिमिया बच्चों एवं असहाय की मदद करने के लिये ब्लड बैंक आकर ही रक्तदान करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित