चमोली, अक्टूबर, 05 -- उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "ड्रग्स फ्री देवभूमि" अभियान के तहत चमोली पुलिस ने नशे की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में एसओजी चमोली, चौकी देवाल, समाज कल्याण विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को रामपुर व तोरती क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 90 नाली भूमि पर उगाई जा रही अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई के साथ ही चमोली जिले में अभियान के तहत अब तक कुल 160 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट की जा चुकी है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्रों में भी गहन निरीक्षण किया और ग्रामीणों को नशे की खेती के खिलाफ स्पष्ट चेतावनी दी।
पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है। इस तरह की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने ग्रामीणों को भांग के सेवन और अवैध उत्पादन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास प्राकृतिक रूप से उगी जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित