नयी दिल्ली , अप्रैल 26 -- अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम (आईईवीपी) के तहत 16 देशों के 32 प्रतिनिधियों ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों का अवलोकन कर भारतीय चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा निष्पक्षता की सराहना की है।

निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आयोग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल प्रतिनिधियों ने रिकॉर्ड मतदाता भागीदारी, पूरी तरह शांतिपूर्ण मतदान और सूक्ष्म स्तर पर की गई उत्कृष्ट तैयारियों को भारतीय चुनाव प्रबंधन की सबसे बड़ी ताकत बताया। प्रतिनिधियों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को करीब से समझा तथा उसकी विश्वसनीयता की प्रशंसा की।

प्रतिनिधिमंडल ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ चुनाव अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की तथा सुरक्षा प्रबंधों, संचालन व्यवस्था और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। बुजुर्गों, दिव्यांग मतदाताओं और महिलाओं के लिए की गई विशेष सुविधाओं की उन्होंने खास तौर पर सराहना की।

मतदान दिवस पर प्रतिनिधियों ने मॉक पोल के साथ-साथ वास्तविक मतदान प्रक्रिया का भी जायजा लिया। उन्होंने चेन्नई, सिलीगुड़ी और कर्सियांग के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया, जहां रैंप, व्हीलचेयर, स्वयंसेवक और शिशु देखभाल कक्ष जैसी समावेशी सुविधाओं को देखकर भारतीय चुनावों की समावेशिता की सराहना की।

तमिलनाडु में रंग-कोडित मतदान केंद्रों और आश्वस्त न्यूनतम सुविधाओं की प्रशंसा की गई, जबकि पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य जांच सेवाओं तथा मोबाइल जमा व्यवस्था को मतदाताओं की गोपनीयता सुनिश्चित करने का सराहनीय कदम बताया गया।

प्रतिनिधियों ने पूरे चुनाव क्षेत्र में लागू 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग व्यवस्था को चुनावी पारदर्शिता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम माना।

गौरतलब है कि इससे पहले 8-9 अप्रैल को 22 देशों के 38 प्रतिनिधियों ने असम, केरल और पुडुचेरी के चुनावों का अवलोकन किया था। इस प्रकार आईईवीपी 2026 के तहत अब तक कुल 38 देशों के 70 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारत की चुनाव प्रक्रिया का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर चुके हैं।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य विश्व के विभिन्न देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के बीच सहयोग बढ़ाना और भारत की चुनावी प्रणाली तथा नवाचारों को वैश्विक स्तर पर साझा करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित