चंडीगढ़ , जुलाई 09 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहले से संचालित निःशुल्क डायलिसिस सेवा का विस्तार जल्द ही महेंद्रगढ़ जिले के कनीना सहित 16 और उपमंडल अस्पतालों तक किया जाएगा। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने मेदांता अस्पताल के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत विशेषज्ञ डॉक्टर गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की नियमित जांच और परामर्श देंगे।

महेंद्रगढ़ जिले के अटेली विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बोचारिया, हसनपुर और सलीमपुर ग्राम पंचायतों में लगभग 3.13 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर बोचारिया और हसनपुर ग्राम पंचायतों के लिए अतिरिक्त 11 लाख रुपये की विकास राशि देने की घोषणा भी की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित