झांसी , अक्टूबर 09 -- 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 शनिवार से उत्तर प्रदेश के झांसी में शुरू होगी।
चैंपियशिप में तीन डिवीजन में 29 टीमें हिस्सा लेंगी। यह 21 अक्टूबर चलेगी और डिवीज़न 'ए' का फाइनल मुकाबला आखिरी दिन खेला जाएगा।
पिछले टूर्नामेंट (15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025) में हॉकी पंजाब ने डिवीज़न 'ए' के फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश को 4-1 से हराकर खिताब जीता था। उत्तर प्रदेश हॉकी ने मणिपुर हॉकी को 5-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया था।
2026 के टूर्नामेंट में डिवीज़न 'ए', डिवीज़न 'बी' और डिवीज़न 'बी' होंगे। टीमों को 2025 के टूर्नामेंट की उनकी रैंकिंग के आधार पर ग्रुप में बांटा जाएगा। यह चैंपियनशिप देश भर की टीमों को अपना हुनर दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए मुकाबला करने का एक प्रतिस्पर्धी मंच देगी। डिवीज़न 'ए' में 12 टीमें होंगी, जिन्हें तीन-तीन टीमों के चार पूल में बांटा जाएगा। पूल ए में पंजाब, तमिलनाडु और बंगाल शामिल हैं, जबकि पूल बी में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पुडुचेरी हैं।
पूल सी में उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और चंडीगढ़ शामिल हैं, जबकि पूल डी में मणिपुर, हरियाणा और दिल्ली हैं।
पूल स्टेज के बाद 18 अक्टूबर को क्वार्टर-फाइनल होंगे, जिसमें हर पूल की टॉप दो टीमें नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी।
सेमीफाइनल 19 अक्टूबर को खेलें जायेंगे। उसके बाद तीसरे स्थान के लिए मैच और फाइनल 21 अक्टूबर को होगा। डिवीज़न बी' में 10 टीमें दो पूल में मुकाबला करेंगी।
पूल ए में ओडिशा, असम , केरल , उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ शामिल हैं। पूल बी में झारखंड, तेलंगाना, गोवा, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव , और अरुणाचल शामिल हैं।
वहीं, डिवीज़न 'सी' में सात टीमें होंगी जिन्हें दो पूल में बांटा गया है। पूल ए में मिजोरम, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं, जबकि पूल बी में आंध्र प्रदेश, राजस्थान, बिहार और गुजरात शामिल हैं।
डिवीज़न 'बी' और डिवीज़न 'सी' के मैच 10 अक्टूबर से शुरू होंगे, जिसमें टीमें अपने अभियान की मज़बूत शुरुआत करना चाहेंगी। डिवीज़न 'ए' के मैच 14 अक्टूबर से शुरू होने हैं, जिसमें कई कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे क्योंकि टीमें नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित