राजगीर , अप्रैल 01 -- राजगीर खेल अकादमी में बुधवार को शुरू हुई 16 वीं सब जूनियर मेंस राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2026 में बिहार और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला ड्रा रहा। प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान बिहार ने शानदार संघर्ष का प्रदर्शन किया और छत्तीसगढ़ हॉकी टीम के खिलाफ उसका मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा।

राजगीर हॉकी स्टेडियम में आज खेले गए मुकाबलों में तेज़ और रोमांचक हॉकी देखने को मिली। प्रतियोगिता में पहले दिन आंध्र प्रदेश, मिजोरम, गोवा, दिल्ली और कर्नाटक ने जीत के साथ अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की।

दिन के पहले मैच में आंध्र प्रदेश ने असम को 3-1 से हराया। मुकाबला पहले हाफ में बराबरी का रहा, लेकिन दूसरे हाफ में आंध्र प्रदेश ने बढ़त बना ली। लंका चैतन्य येसु ने 32वें और 45वें मिनट में दो गोल दागे, जबकि कप्तान मदुरु गंगा चैतन्य ने 47वें मिनट में एक और गोल कर जीत सुनिश्चित की। असम की ओर से शुभंकर साहा ने 42वें मिनट में एकमात्र गोल किया।

दूसरे मैच में मिजोरम ने पुडुचेरी को 5-3 से हराया। मैच की शुरुआत से ही मिजोरम ने आक्रामक रुख अपनाया और शुरुआती मिनटों में बढ़त बना ली। लालमुआनसांगा ने दूसरे और 14वें मिनट में गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद वानलाल्हमंगइहा, कप्तान जोसेफ मलसावमटलुआंगा और जैकब लालावमपुइया ने एक-एक गोल किया। पुडुचेरी की ओर से आर दिवाकर ने दो गोल किए और मादेश को एक गोल दागने में सफलता मिली, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित