भिवानी , अक्टूबर 03 -- हरियाणा के भिवानी के रक्तदाता राजेश डुडेजा ने 150 बार रक्तदान कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने 98 बार सामान्य रक्तदान और 52 बार प्लेटलेट्स दान किए हैं। उनकी इस निरंतर सेवा और युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के प्रयासों के सम्मान में बाबा बंदा बहादुर के 10वें वंशज गुरु जितेंद्र सोढ़ी ने उन्हें सम्मानित किया।

राजेश डुडेजा ने अपने सेवा सफर के दौरान विभिन्न रक्तदान शिविरों और अस्पतालों में जाकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया। आपातकालीन और गंभीर परिस्थितियों में उन्होंने 52 बार प्लेटलेट्स दान कर मरीजों की मदद की। अस्पतालों में जब भी रक्त या प्लेटलेट्स की आवश्यकता हुई, उन्होंने तत्परता से सहयोग किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद राजेश डुडेजा ने कहा कि उन्होंने रक्तदान की राह किसी पुरस्कार या प्रसिद्धि के लिए नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों की मदद के उद्देश्य से चुनी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अनुमति देता रहा तो वह आगे भी रक्तदान करते रहेंगे। उनका उद्देश्य स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित