बारां , जुलाई 02 -- राजस्थान में मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) जयपुर, मादक पदार्थ निरोधी कार्य बल (एएनटीएफ) राजस्थान और बारां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 149.862 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त करके चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई गई है।

सूत्राें ने गुरुवार को बताया कि यह खेप ओडिशा से तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश होते हुए राजस्थान लाई जा रही थी, जिसे जयपुर सहित अन्य शहरों में भेजा जाना था।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने बताया जांच में पता चला है कि आरोपी परिवार के साथ ओडिशा और छत्तीसगढ़ जाकर खिलौने बेचने का काम करते थे। वापसी में किराये की पिकअप से गांजा राजस्थान लाकर कोटा, जयपुर, भरतपुर सहित अन्य जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस की नजरों से बचने के लिए वे महिलाओं और बच्चों को भी अपने साथ रखते थे।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक गुप्त सूचना पर एनसीबी और एएनटीएफ के दलों ने कई राज्यों में आरोपियों की निगरानी की। संदिग्धों का पीछा करते हुए दल ने बारां जिले के शाहाबाद क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर पिकअप वाहन को रुकवाया। वाहन की तलाशी में यात्रा सामान के बीच छिपाकर रखे गए गांजे के 50 पैकेट बरामद हुए। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा और छत्तीसगढ़ से करीब दो हजार रुपए प्रति किलो की दर से गांजा खरीदते थे और राजस्थान में अधिक कीमत पर बेचते थे। पहले वे कम मात्रा में तस्करी करते थे, लेकिन अधिक मुनाफे के लालच में बड़ी खेप लाने लगे।

श्री अंदाशु ने बताया कि आरोपियों में कालूलाल (48), रेनू (25), नरेश (32) और लोकेश (23) मिल हैं। उनके कब्जे से 149.862 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. और एनसीबी जयपुर के अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित