लखनऊ , अप्रैल 02 -- लखनऊ के ऐशबाग स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र को आगामी 15 जुलाई तक पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। गुरुवार को यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने निर्माणाधीन स्थल के निरीक्षण के दौरान दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में किसी भी प्रकार की देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसे एक प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। लगभग 1.34 एकड़ क्षेत्र में फैले इस स्मारक को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण का प्रथम चरण पूरा हो चुका है, जबकि द्वितीय चरण में 500 लोगों की क्षमता वाले प्रेक्षागृह का निर्माण भी लगभग पूर्ण हो गया है।

स्मारक में डॉ. आंबेडकर के जीवन और संघर्षों पर आधारित संग्रहालय तथा पुस्तकालय भी विकसित किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा मिल सकेगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंतरिक और बाहरी साज-सज्जा का कार्य 31 मई तक पूरा कर लिया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित