दरभंगा , सितंबर 15 -- बिहार में दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले में 15 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी बनाने का निर्देश दिया है।श्री कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानवार एवं पंचायतवार माइक्रो प्लान तैयार कर लंबित किसानों को चिन्हित करने तथा अभियान चलाकर उनकी रजिस्ट्री पूरी कराने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक करीब 50 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अभियान मोड में कार्य करने को कहा।
उन्होंने पीएम-किसान योजना के लाभुकों का डाटा संकलित कर लंबित किसानों को चिन्हित करने तथा किसान सलाहकारों के माध्यम से पंचायत स्तर पर रजिस्ट्री कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के लिए अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित