पटना , मई 28 -- जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, पटना की ओर से दिव्यांगजनों की सुविधा के लिये एक उपयोगी तकनीकी मरम्मत शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी दैनिक आवाजाही में आ रही कठिनाइयों से राहत दिलाना और उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना रहा।

इस विशेष शिविर में "संबल" योजना के अंतर्गत वितरित बैटरी चालित ट्राइसाइकिलों की खराब बैट्री, चार्जर सहित अन्य तकनीकी खराबियों की मरम्मत की गई। राज्य के सभी अनुमंडलों में संचालित 101 बुनियाद केंद्रों पर एक साथ शिविर लगाकर कुल 140 दिव्यांगजनों की ट्राइसाइकिलों को ठीक किया गया, जिससे वे पुनः सुचारू रूप से उपयोग में लाई जा सकीं।इसके साथ ही 25 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड, सहायक उपकरण तथा कृत्रिम अंग भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें आवश्यक सहयोग और सुविधा प्राप्त हो सके।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के अधिकारियों ने बताया कि ट्राइसाइकिलों के खराब होने से कई लाभार्थियों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। इस शिविर के माध्यम से उन्हें तत्काल राहत मिली है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मरम्मत एवं सहायता शिविर भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे दिव्यांगजन अपनी सहायक सामग्री का लंबे समय तक सुचारु उपयोग कर सकें और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित