रायपुर , मई 30 -- छत्तीसगढ़ की जूनियर बालिका बास्केटबॉल टीम ने पुड्डुचेरी में आयोजित जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। टीम ने फाइनल मुकाबले में केरल को 55-51 अंकों से हराकर 14 वर्षों बाद राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने पुड्डुचेरी बास्केटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से किया था। खिताबी मुकाबले में छत्तीसगढ़ की ओर से दिव्या रंगारी ने सर्वाधिक 22 अंक जुटाए। टीम की कप्तान अंजली कोडापे ने 14 अंक बनाए, जबकि रूमी कोनवर और अंजनी ने सात-सात अंक का योगदान दिया। अदिति कोडापे ने तीन तथा सारा सिंह ने दो अंक अर्जित किए। सोफी सिका और नंदनी माधो प्रधान ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फाइनल तक के सफर में छत्तीसगढ़ की टीम ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में उसने कर्नाटक को 67-62 अंकों से पराजित किया, जबकि क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र को 56-44 अंकों से शिकस्त देकर अंतिम चार में जगह बनाई थी।
उल्लेखनीय है कि चार वर्ष पूर्व जूनियर बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने में सफल रही थी। इस बार टीम ने एक कदम आगे बढ़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित