रांची , जुलाई 22 -- झारखंड की राजधानी रांची में 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय का घेराव किया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मार्च निकालकर जेपीएससी कार्यालय पहुंचे और राज्य सरकार व आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर जेपीएससी कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंचने की कोशिश की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने "जेपीएससी का रेट क्या है?" लिखा बैनर लगाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने तत्काल हटवा दिया।

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके अलावा वाटर कैनन और आंसू गैस छोड़ने वाले वाहन भी एहतियातन मौके पर मौजूद रहे। हालांकि कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस ने हालात पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया।

प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी राज्य सरकार और जेपीएससी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले छह वर्षों में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार अनियमितताओं, परीक्षा विवादों और युवाओं के साथ हुए अन्याय के खिलाफ भाजपा सड़कों पर उतरी है।

उन्होंने कहा कि इसी क्रम में बुधवार को जेपीएससी कार्यालय के साथ-साथ रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय का भी घेराव किया गया। मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य की भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के सपनों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाजपा नेताओं ने सरकार से 14वीं जेपीएससी परीक्षा में सामने आए कथित विवादों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित