बहराइच , सितम्बर 13 -- उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम भरथापुर से विस्थापित परिवारों को बेहतर और सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। सेमरहना गांव में विकसित किये जा रहे स्मार्ट ग्राम भरतपुर का नवागत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति परखी और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ सभी कार्य पूरे करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन स्मार्ट ग्राम का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि विस्थापित परिवारों के लिए प्रस्तावित 136 आवासों में से 30 आवासों की छत का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष आवासों और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर कार्य जारी है।
प्रशासन की योजना केवल विस्थापित परिवारों को मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से युक्त एक व्यवस्थित गांव में बसाने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की जा चुकी है और निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
स्मार्ट ग्राम के विकास में ग्राम्य विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा बेसिक शिक्षा विभाग समेत अन्य विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है। विभिन्न विभाग अपने-अपने स्तर से आवश्यक सुविधाओं के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप स्मार्ट ग्राम के निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विस्थापित परिवारों के पुनर्वास को केवल आवास निर्माण के रूप में न देखा जाए, बल्कि उनके स्थायी सामाजिक और आर्थिक पुनर्वास की भी ठोस व्यवस्था की जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गांव की महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित