गौतमबुद्धनगर , जून 30 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण से पहले मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों के संभाजन (पुनर्संरचना) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को एनआईसी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों की नई आलेख्य सूची तैयार करने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ वर्तमान मतदेय स्थलों की स्थिति, संभावित बदलाव, नए मतदेय स्थलों के निर्धारण तथा मतदाताओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची तैयार करने की प्रक्रिया और उससे संबंधित मानकों की भी जानकारी साझा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी मतदेय स्थल के संबंध में संशोधन, परिवर्तन या कोई अन्य प्रस्ताव देना हो तो उसे लिखित रूप में दो दिनों के भीतर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का परीक्षण करने के बाद मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची तैयार कर निर्धारित समयावधि में उसका प्रकाशन कराया जाएगा।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, समाजवादी पार्टी के जिला प्रभारी अनूप तिवारी, विधानसभा अध्यक्ष रोहित मन्ते, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष परशुराम चौधरी, बहुजन समाज पार्टी के मंडल कोऑर्डिनेटर सूरजभान, सीपीआईएम के सदस्य अरुण प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित