दरभंगा , जून 21 -- 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" विषय पर जिला गंगा समिति, जिला आयुष समिति एवं खेल विभाग, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डा नागेंद्र झा स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।योगाचार्य रोशन उपाध्याय एवं मृदुला तिवारी ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, भुजंगासन, मकरासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, शवासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योगाचार्यों ने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी के सचेतक एवं दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने युवाओं से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।उन्होंने कहा कि योग हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना सिखाता है। जल, जंगल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने गंगा एवं उसकी सहायक नदियों, तालाबों तथा अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।

राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशिला गुप्ता ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। वर्तमान समय में बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से नियमित योग को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि योग और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ पर्यावरण सतत विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति सजग रहने की अपील की।उन्होंने गंगा, उसकी सहायक नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक एवं कचरा नहीं फेंकने तथा जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से सामूहिक "जल अर्पण" किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नमामि गंगे एवं योग संकल्प दिलाया गया। प्रतिभागियों ने गंगा एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने,a पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जलीय जीवों के संरक्षण तथा नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, दरभंगा फारूक इमाम के नेतृत्व में नमामि गंगे कार्यक्रम की संयोजक सुश्री पूजा कुमारी, सुनील कुमार, परवेज आलम सहित 50 से अधिक स्वयंसेवकों, जिला आयुष समिति एवं खेल विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन अक्षय कुमार झा ने किया।

कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास अपनाने तथा पर्यावरण एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित