बैतूल , फरवरी 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सांवगा गांव में आज एक दिल दहला देने वाली त्रासदी सामने आई, जहां 12वीं के टॉपर और पढ़े-लिखे एक युवक ने अपने ही परिवार को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने अपनी मां, पिता और भाई की निर्मम हत्या कर दी, जबकि 5 वर्षीय भांजे पर भी जानलेवा हमला किया, जो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राजू उर्फ हंसू धुर्वे (55 वर्ष), उनकी पत्नी कमलती धुर्वे (50 वर्ष) और पुत्र दिलीप धुर्वे (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल मासूम प्रशांत परते (5 वर्ष) का इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सभी स्तब्ध रह गए। तीनों शव घर में पड़े थे और आरोपी दीपक धुर्वे उन्हीं के पास चुपचाप बैठा हुआ था। घर के अंदर एक बिल्ली का शव भी मिला, जिससे उसकी क्रूर मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से लोहे की रॉड और लकड़ी का डंडा बरामद किया गया है, जिनसे हत्या किए जाने की आशंका है। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

ग्रामीणों और पड़ोसियों के अनुसार आरोपी दीपक धुर्वे पढ़ाई में बेहद होशियार था और 12वीं कक्षा में टॉपर रहा था। उसने सीआरपीएफ भर्ती परीक्षा भी दी थी। हालांकि पिछले 4-5 वर्षों से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं बताया जा रहा था। हाल ही में वह नागपुर से इलाज कराकर लौटा था। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे जामसावरी मंदिर में भी कुछ समय तक रखा गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित