रायपुर , सितंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार देर रात राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक गोल बाजार में 117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा में शामिल होकर भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति के पंडाल में विराजित भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने आरती कर प्रदेश की प्रगति, समृद्धि और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा।

उन्होंने कहा कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व होने के साथ समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली समृद्ध परंपरा का भी प्रतीक है।

उन्होंने गोल बाजार में 117 वर्षों से निरंतर चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष है। ऐसी परंपराएं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।

गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है।

भगवान गणेश के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित