महासमुंद , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 117.15 किलोग्राम गांजा बरामद कर चार आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 58 लाख 57 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस से आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के घोड़ारी नाके पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दो कारों में सवार लोगों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों का पीछा कर ग्राम मुढेना के पास उन्हें पकड़ लिया।
वाहनों की तलाशी लेने पर एक कार से 117.15 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जबकि दूसरी कार गांजा ले जा रहे वाहन की पायलटिंग कर रही थी। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से भिलाई ले जाया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित