अलवर , अक्टूबर 06 -- राजस्थान में श्री राजर्षि अभय समाज की ओर से 110 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही ऐतिहासिक श्रीरामलीला का भव्य मंचन आठ से 21 अक्टूबर तक किया जायेगा।
संस्था के अध्यक्ष पंडित धर्मवीर शर्मा ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि श्री राजर्षि अभय समाज द्वारा लगातार 110 वर्षों से रामलीला का मंचन किया जा रहा है, जो अलवर की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर को रात आठ बजे अलवर के हृदय स्थल होप सर्कस पर भारत मिलाप का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। रामलीला के माध्यम से संस्था का उद्देश्य केवल धार्मिक प्रसंगों का मंचन करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना और इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना भी है। इस वर्ष रामलीला में करीब 15 नए पुरुष एवं महिला कलाकारों को भी जोड़ा गया है।
श्री शर्मा ने बताया कि रामलीला के बाद 22 अक्टूबर से छह नवंबर तक महाराजा भर्तृहरि नाटक का मंचन किया जाएगा। वर्ष 1958 से लगातार 16 दिनों तक प्रदर्शित किए जा रहे इस नाटक का भी दर्शकों में विशेष आकर्षण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित