पौड़ी , अगस्त, 22 -- उत्तराखंड के पौड़ी में बीस एवं पच्चीस सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर शनिवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत शामिल 38 मदों की समीक्षा में सामने आया कि विभागों की प्रगति में सुधार हुआ है। पिछले माह जहां 11 मदें डी श्रेणी में थीं, वहीं इस माह इनकी संख्या घटकर तीन रह गई है। आठ मदों में सुधार के बाद उन्हें ए या बी श्रेणी में लाया गया है। सीडीओ ने शेष डी श्रेणी की मदों में भी प्राथमिकता के आधार पर सुधार लाने और कम प्रगति वाले कार्यों की लगातार निगरानी करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं की सफलता केवल कागजी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि धरातल पर उनके प्रभाव से तय होती है। इसलिए अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा के साथ मौके पर उनकी स्थिति का भी अनुश्रवण करें, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित