पटना , अप्रैल 13 -- बिहार ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से राज्य में निर्मित एवं निर्माणाधीन ग्रामीण सड़कों और पुलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये 09 से 11 अप्रैल के बीच पूरे राज्य में एक व्यापक महा-निरीक्षण अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत 108 कार्य प्रमंडलों में 2000 से अधिक ग्रामीण सड़कों की जमीनी जाँच की गई, जिसके लिए 82 वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इस तीन दिवसीय निरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा नहीं थी, बल्कि गुणवत्ता नियंत्रण के तकनीकी पहलुओं की सूक्ष्मता से जाँच करना था।

जांच अधिकारियों की ओर से एक निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर निर्माण स्थल पर गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला की अनिवार्य स्थापना, आवश्यक गुणवत्ता रजिस्टरों की साइट पर उपलब्धता और गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्टों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही निविदा प्रक्रिया से लेकर एकरारनामा, बीमा की स्थिति, परफॉरमेंस सिक्यूरिटी तथा मौके पर मानव संसाधन एवं उपकरणों की उपलब्धता का भी अवलोकन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित