नयी दिल्ली , मई 16 -- राष्ट्रीय राजधानी में उत्तरी जिले के कोतवाली पुलिस थाना ने 104 साल पुराने श्री शिव नवग्रह मंदिर में हुई एक सनसनीखेज चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया है और एक आदतन चोर के साथ एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। चोरी की गई कीमती भगवान शनि देव की प्राचीन अष्टधातु प्रतिमा को बरामद कर लिया है।

उत्तर जिला उपायुक्त राजा बंथिया के अनुसार, चांदनी चौक स्थित मंदिर से भगवान शनि महाराज की प्राचीन प्रतिमा और अन्य पीतल की वस्तुओं की चोरी के संबंध में मंदिर के पुजारी मुकेश शर्मा ने 12 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि चोरी तड़के 3:00 बजे से 5:00 बजे के बीच हुई थी। कोतवाली पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित