पंचकूला , अगस्त 06 -- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी)-2025 के परिणाम घोषित करने से पहले अभ्यर्थियों के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य कर दिया है।
बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि 4 और 5 जुलाई, 2026 को आयोजित एचटीईटी-2025 का परिणाम शीघ्र घोषित किया जाएगा। हालांकि, परिणाम जारी होने से पहले सभी अभ्यर्थियों को 10 से 12 अगस्त, 2026 के बीच बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा।
उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा के सभी 22 जिलों में सत्यापन केंद्र स्थापित किए हैं। अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी निकटतम जिला मुख्यालय पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। विशेष परिस्थितियों में राज्य के किसी भी निर्धारित केंद्र पर सत्यापन कराने की अनुमति होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित