लखनऊ , मई 9 -- उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चर्चाओं में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, 10 मई को योगी आदित्यनाथ सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इस दौरान छह नए मंत्री शपथ ले सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, संभावित नए चेहरों में कृष्णा पासवान, पूजा पाल, मनोज पांडेय, भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया और रोमी साहनी का नाम शामिल बताया जा रहा है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में फिलहाल 54 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक प्रावधानों के तहत राज्य में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में छह पद अभी खाली हैं, जिन्हें इस विस्तार के जरिए भरा जा सकता है।
इस बीच शनिवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। हालांकि, इसे औपचारिक शिष्टाचार भेंट बताया गया है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को लालचंद राम द्वारा लिखित 'भारतीय ज्ञान परंपरा की अवधारणा' पुस्तक भेंट की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित