नयी दिल्ली , मई 23 -- कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने शनिवार को पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है।

श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की जेब पर "डाका" डाल रही है और महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में तीसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। उनके मुताबिक पहले तीन रुपये, फिर एक और अब फिर से एक रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर कुल पांच रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "सरकार दावा कर रही थी कि सब कुछ नियंत्रण में है लेकिन हकीकत जनता भुगत रही है।"कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय श्री मोदी पेट्रोल को 30 रुपए प्रति लीटर करने की बात करते थे लेकिन आज कीमतें 100 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच चुकी हैं। श्री तिवारी ने कहा, "वादा 30 का किया था लेकिन जनता को 100 रुपए का पेट्रोल मिल रहा है।"कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत विदेश नीति और असफल आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि निजी कंपनियों और "पूंजीपति मित्रों" को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार द्वारा आम आदमी पर बोझ डाला जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित